बदांयू -गौवंश आश्रय स्थल में घोर लापरवाही: कीचड़ में फंसे गौवंश, कई की मौत, NGO की पोल खुली ।
BDO ने उच्चाधिकारियों को भेजी रिपोर्ट, ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति।
बदांयू 10 अगस्त।
विकास खण्ड सालारपुर की ग्राम पंचायत बादल में संचालित गौवंश आश्रय स्थल में एनजीओ की लापरवाही से दर्जनों गौवंश की जान पर बन आई है। पशु प्रेमी विकेन्द्र शर्मा की शिकायत पर शनिवार को खण्ड विकास अधिकारी नितिन कुमार ने स्थल का औचक निरीक्षण किया तो आश्रय स्थल की बदहाली देखकर सभी दंग रह गए।
निरीक्षण के दौरान आश्रय स्थल का संचालन कर रही एनजीओ दानवीर जनकल्याण समिति की गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
क्या मिला निरीक्षण में-
कई गौवंश मृत अवस्था में मिले जबकि कई बीमार और कमजोर हालत में थे।
पूरे आश्रय स्थल में 1 फीट से अधिक कीचड़ और दलदल जमा था। इसमें फंसकर गौवंश के चलने-फिरने में भारी दिक्कत हो रही थी।
अधिकांश गौवंश के कान में टैग नहीं लगे थे। BDO ने आशंका जताई कि टैग न होने के कारण NGO सांठगांठ कर भरण-पोषण की धनराशि का अवैध आहरण कर रहा होगा।
खण्ड विकास अधिकारी नितिन कुमार ने मौके पर ही NGO को कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने चेतावनी दी कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुबंध तत्काल समाप्त कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
BDO ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दानवीर जनकल्याण समिति द्वारा विकास खण्ड सालारपुर में रफियाबाद, सिकरोड़ी और रसूलपुर पुठी में भी गौवंश आश्रय स्थल संचालित किए जा रहे हैं। वहां भी कमोबेश यही स्थिति है। इस संबंध में उन्होंने उच्चाधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट भेजकर NGO से सभी आश्रय स्थलों का संचालन वापस लेने और NGO को विकास खण्ड स्तर पर ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गौ रक्षा के नाम पर करोड़ों का बजट खर्च हो रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल उलट है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
