6:35 pm Saturday , 8 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में जिला ओलंपिक संघ का भव्य सम्मान समारोह, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को किया गया सम्मानित

बदांयू 8 अगस्त।

राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी दीपमाला गोयल के जन्मदिन के अवसर पर शनिवार को बदायूं क्लब में जिला ओलंपिक संघ ने एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया। समारोह में जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मोमेंटो, बुके और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आचार्य राजन मेहंदीरत्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सराहा।

भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके बॉक्सिंग कोच धर्मेंद्र गंगवार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके मार्गदर्शन में एचपी इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ी ने नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। संघ ने उन्हें मोमेंटो, बुके और पटका भेंट किया।

अजय पाल सिंह ने नेपाल के काठमांडू में आयोजित वर्ल्ड ताइक्वोंडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर देश और जिले का नाम ऊंचा किया। उन्हें भी मोमेंटो और पटका देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में जन्मदिन मनाने वाली राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी दीपमाला गोयल के अलावा कोच नेहा बी, क्रिकेट खिलाड़ी किट्टू वीर, अकील अहमद, डॉ. कृष्णा, कोच इकबाल अहमद, कुनाल, अंतरराष्ट्रीय ताइक्वोंडो खिलाड़ी ललित यादव, अक्षरा, अलीदा, राग रस्तोगी और योग प्रशिक्षक श्री गिरधारी लाल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

अध्यक्ष आचार्य राजन मेहंदीरत्ता ने कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार मेहनत से नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। संघ भविष्य में भी उन्हें हर संभव सहयोग देगा ताकि वे आगे भी जिले और देश का नाम रोशन करें।

विज्ञापन एक्सप्रेस