छात्र-छात्राओं ने किया प्रभावी मंचन, प्रधानाचार्य ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
बदायूं, 5 अगस्त। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के अंतर्गत ओपीडी परिसर में एमबीबीएस बैच-2022 के छात्र-छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने कहा कि नशा अनेक गंभीर बीमारियों, विशेषकर कैंसर, का प्रमुख कारण है। उन्होंने बताया कि पान मसाला, गुटखा और सुपारी जैसे उत्पादों के सेवन से मुख कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए नई समस्याओं को जन्म देता है।
कार्यक्रम के दौरान एमबीबीएस छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों का प्रभावी मंचन किया। नाटक के जरिए मरीजों, तीमारदारों और उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं आमजन को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” और “नशा मुक्त, खुशहाल भारत” जैसे नारों के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नितेश पति तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सह-आचार्य एनाटॉमी विभाग डॉ. मुकत्याज हुसैन ने दिया। इस अवसर पर डॉ. लालेन्द्र यादव, डॉ. गरिमा, डॉ. शिवानी सहित अन्य संकाय सदस्य एवं एमबीबीएस के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
