6:44 pm Sunday , 9 August 2026
BREAKING NEWS

दो सोमवार बीते, नहीं सुधरी सड़क; गड्ढों व जलभराव युक्त सड़क से अभी भी गुजर रहे कांवड़िए

दो सोमवार बीते, नहीं सुधरी सड़क; गड्ढों व जलभराव युक्त सड़क से अभी भी गुजर रहे कांवड़िए

कुंभकर्ण की नींद सो रहा पीडब्ल्यूडी विभाग,जानकर भी बन रहा अनजान

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव (बदायूं)।

एक ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांवड़ियों पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करवा रहे हैं,योगी आदित्यनाथ ने साफ तौर पर अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी कांवड़िए को यात्रा के दौरान कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए लेकिन वहीं दूसरी ओर कुंवरगांव क्षेत्र में शिवभक्त गड्ढों और जलभराव से भरी सड़क पर चलने को मजबूर हैं।

सावन के दो सोमवार बीत चुके हैं, लेकिन कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों में शामिल कुंवरगांव क्षेत्र में कई महीनों से जर्जर पड़ी आंवला बदायूं मार्ग की यह मुख्य सड़क की मरम्मत अब तक नहीं हो सकी है। पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही का खामियाजा हजारों कांवड़ियों और स्थानीय राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
नगर के शनि मंदिर से पहले और में साप्ताहिक बाजार से लेकर थाना परिसर तथा मुख्य चौराहे तक करीब चार किलोमीटर सड़क लंबे समय से बदहाल है। सड़क जगह-जगह उखड़ी हुई है और गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। कई स्थानों पर बजरी सड़क से बाहर निकल आई है, जबकि बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर गया है। ऐसे में कांवड़ियों के साथ ही स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरीशंकर गुलड़िया, आंवला , अलीगंज, समेत आसपास के कई क्षेत्रों से हजारों शिवभक्त इसी मार्ग से कछला गंगा घाट पहुंचते हैं और कांवड़ लेकर वापस लौटते हैं। सावन में इस मार्ग पर कांवड़ियों की आवाजाही कई गुना बढ़ जाती है, इसके बावजूद पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।

-दो सोमवार गुजर गए, फिर भी नहीं सुधरी सड़क-

कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सड़क की मरम्मत और गड्ढों को भरने की उम्मीद थी, लेकिन सावन के दो सोमवार निकल जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। बरसात के कारण सड़क की हालत और खराब हो गई है। गहरे गड्ढों और जलभराव के चलते कांवड़ियों के गिरने तथा वाहन फिसलने का खतरा बना हुआ है।

अब देखना यह है कि इस पीडब्ल्यूडी विभाग के जिम्मेदार अफसर अपनी कुंभकर्णी नींद से कब जागते हैं और इस जर्जर सड़क की मरम्मत कब तक होगी!

विज्ञापन एक्सप्रेस