1:14 pm Sunday , 9 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं-सावन के दूसरे सोमवार पर सोम प्रदोष का दुर्लभ संयोग, कांवड़ियों से गूंजेगा पूरा शहर

बदांयू 9 अगस्त।

सावन के दूसरे सोमवार के दिन सोम प्रदोष का विशेष संयोग बनने से बदायूं में शिवभक्तों और कांवड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सोमवार का दिन भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है और प्रदोष व्रत भी भगवान शिव को समर्पित है। इस कारण यह संयोग आस्था का विशेष अवसर बन गया है।

हरिद्वार, कछला से गंगाजल लेकर कांवड़ियों की टोलियां बदायूं होकर गुजर रहे बरेली-आगरा मार्ग पर लगातार अपने गंतव्य की ओर बढ़ रही हैं। कंधों पर सजी रंग-बिरंगी कांवड़ और जुबां पर “बम बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय हो गया है।

कांवड़ियों में हर आयु वर्ग के लोग शामिल हैं। कोई परिवार की सुख-समृद्धि की कामना लेकर चला है तो कोई बीमारी से मुक्ति और संतान सुख की मनोकामना के साथ कांवड़ लेकर शिवालय की ओर बढ़ रहा है।

भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण गुंजायमान है। बदायूं में बरेली-आगरा मार्ग पर कांवड़ियों के लिए जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं। स्थानीय लोग पानी, शरबत और फल आदि के जरिये कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं।

इस खास संयोग के बारे में बदायूं के प्रसिद्ध विद्वान पंडित राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि “सोमवार के साथ सोम प्रदोष का संयोग बहुत ही विशेष होता है। इस दिन व्रत, पूजा और जलाभिषेक करने से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। सावन में यह योग पड़ने से इसका महत्व और बढ़ जाता है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस