उझानी में ‘सांड पकड़ो अभियान’ के बीच सड़क पर मल्लयुद्ध: कांवड़ियों के सामने दो सांड भिड़े, बोर्ड तहस-नहस।
उझानी-बदांयू 6 अगस्त।
वन विभाग और नगर पालिका का ‘सांड पकड़ो अभियान’ कागजों पर चल रहा है, और सड़कों पर सांड अपना ‘मल्लयुद्ध’ चला रहे हैं।
बृहस्पतिवार शाम कछला रोड पर नजारा कुछ ऐसा ही दिखा। कांवड़ियों का जत्था जब सड़क से गुजर रहा था, तभी बीच सड़क पर दो सांड आमने-सामने आ गए और सींग भिड़ा लिए।
गनीमत रही कि लड़ाई सड़क के एक किनारे की तरफ मुड़ गई। वरना बड़ा हादसा तय था। सांडों की टक्कर से दुकानों के बोर्ड उलट-पुलट हो गए। बराबर में लगी कांवड़ के सामान की दुकान बाल-बाल बची। आसपास भगदड़ मच गई।
मौके पर मौजूद दुकानदारों ने हिम्मत दिखाई। लाठियों और ईंटों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों सांडों को अलग किया जा सका। करीब 10 मिनट तक कछला रोड पर जाम जैसे हालात रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है- “अभियान तो हर महीने चलता है, पर सांड सड़कों से हटते ही नहीं। कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसे झुंड और खतरनाक हो जाते हैं।
फिलहाल कोई जनहानि नहीं हुई है। लेकिन सवाल वही है- जब कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ है, तो वन विभाग और नगर पालिका का अभियान जमीन पर कब दिखेगा ?
राजेश वार्ष्णेय एमके।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
