बदायूं। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक कोषागार प्रांगण स्थित पेंशनर्स भवन में जिलाध्यक्ष मोहन स्वरूप गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रांतीय पर्यवेक्षक कवि माधव मिश्र मुख्य अतिथि तथा राजेश कुमार जौहरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक का संचालन मीडिया प्रभारी इं. प्रमोद कुमार शर्मा ने किया।
मुख्य अतिथि कवि माधव मिश्र ने पेंशनर्स की समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर देते हुए कहा कि आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द जारी की जाए तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) बहाल की जाए। उन्होंने 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता (DA) मर्जर, फिटमेंट फैक्टर में वृद्धि तथा 18 माह के कोरोना काल के बकाया डीए के भुगतान की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो पेंशनर्स संगठन आर-पार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।
उन्होंने सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को पेंशन मिल रही है तो कर्मचारियों को पुरानी पेंशन से वंचित रखना उचित नहीं है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष मोहन स्वरूप गुप्ता ने संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान और पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि राजेश कुमार जौहरी ने आठवें वेतन आयोग की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल युग में आयोग की कार्यवाही में अनावश्यक विलंब हो रहा है। उन्होंने आयोग से जल्द रिपोर्ट सरकार को सौंपने और अंतिम राहत घोषित करने की मांग की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष रविंद्र मोहन सक्सेना ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि किसी भी पेंशनर का उत्पीड़न या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
