5:23 pm Monday , 3 August 2026
BREAKING NEWS

सीडीओ की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक सम्पन्न

सीडीओ की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक सम्पन्न
सोत नदी के पुनरुद्धार एवं कायाकल्प की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
बदायूँ: 03 अगस्त। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन स्थित उनके कार्यालय में सोत नदी के पुनरुद्धार एवं कायाकल्प विषय पर जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सोत नदी के पुनरुद्धार एवं कायाकल्प के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने राजस्व विभाग को नदी के बहाव क्षेत्र का सीमांकन कराने के निर्देश दिए। साथ ही नदी के पारिस्थितिक तंत्र एवं जैव विविधता संरक्षण, अतिक्रमण की रोकथाम के लिए सघन वृक्षारोपण, जल उपयोग दक्षता बढ़ाने के लिए फसल चक्र में परिवर्तन, मनरेगा के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन, ग्रे वाटर एवं सीवेज प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नदी प्रदूषण की निगरानी, डी-सिल्टेशन, जल प्रवाह प्रबंधन, भूजल पर निर्भरता कम करने के लिए चेक डैम, ड्रिप सिंचाई तथा मत्स्य उत्पादन से संबंधित कार्ययोजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्तावों का समेकन करते हुए अभिसरण एवं कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से सोत नदी के पुनरुद्धार की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को प्रेषित की जाए। बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग विनीता सिंह, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे अनुज प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास, अधिशासी जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत, अभियंता जल निगम (ग्रामीण) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस