5:44 pm Saturday , 1 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में अंडरग्राउंड फॉल्ट लोकेशन मशीन का शुभारंभ, बिजली आपूर्ति होगी और अधिक तेज व सुचारु

बदायूं। शहर की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। माननीय शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने बदायूं में अंडरग्राउंड फॉल्ट लोकेशन मशीन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल बदायूं सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में बताया गया कि विधायक महेश चंद्र गुप्ता के प्रयासों तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं के अंतर्गत बदायूं को यह आधुनिक मशीन उपलब्ध कराई गई है। यह मशीन शहर की अंडरग्राउंड विद्युत केबलों में आने वाले फॉल्ट का सटीक स्थान (Exact Point) कम समय में पता लगाने में सक्षम है।

अब तक अंडरग्राउंड केबलों में फॉल्ट खोजने में काफी समय लग जाता था, जिससे बिजली आपूर्ति बहाल होने में देरी होती थी और उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ता था। नई मशीन के माध्यम से फॉल्ट का त्वरित पता लगाकर शीघ्र मरम्मत की जा सकेगी, जिससे बिजली आपूर्ति कम समय में बहाल हो सकेगी।

विद्युत विभाग ने इस कार्य के लिए M/s Durgesh Chandel एवं M/s Rahat & Brothers को टेंडर प्रदान किया है। दोनों फर्में आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अंडरग्राउंड फॉल्ट का सटीक निर्धारण एवं त्वरित मरम्मत सुनिश्चित करेंगी।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह पहल शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में डीसीबी चेयरमैन जे.के. सक्सेना, अधीक्षण अभियंता अजय, एसडीओ अरविन्द, मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा, सभासद दीपक सक्सेना, जे.पी. सोलंकी, सुरेश शर्मा, देवेश शर्मा, हेमेंद्र पटेल, जितेन्द्र गिरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस