6:58 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

गुरु पूर्णिमा पर श्री हर मिलाप सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में प्रेरणादायी कार्यक्रम

गुरु पूर्णिमा पर श्री हर मिलाप सनातन धर्म पब्लिक स्कूल में हुआ प्रेरणादायी कार्यक्रम

बदायूं। श्री हर मिलाप सनातन धर्म पब्लिक स्कूल, बदायूं में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें गुरु के महत्व एवं भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि गुरु हमारे जीवन को संवारते हैं, ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं तथा हमें सत्य, संस्कार और सफलता के मार्ग पर अग्रसर करते हैं। गुरु के मार्गदर्शन से ही जीवन को सही दिशा मिलती है और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव होता है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक श्री डी. के. चड्डा, विद्यालय अध्यक्ष श्रीमती सुषमा कथूरिया, प्रधानाचार्या श्रीमती दिव्या शर्मा तथा समस्त अध्यापिकाओं ने श्रद्धापूर्वक पूज्य मुनि महाराज श्री हर मिलापी जी का पूजन एवं माल्यार्पण किया। साथ ही विद्यार्थियों को उनके बताए आदर्शों, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी गई।

विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को बताया कि पूज्य श्री हर मिलापी जी महाराज ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया और समाज को संस्कारयुक्त शिक्षा का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अपने सभी गुरुओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके आशीर्वाद की कामना की। विद्यालय परिवार ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संदेश दिया कि “गुरु वह प्रकाश हैं, जो अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का दीप प्रज्ज्वलित करते हैं।”

विद्यालय में पूरे वातावरण में श्रद्धा, संस्कार एवं गुरु-भक्ति की भावना देखने को मिली। कार्यक्रम का समापन “गुरु ब्रह्मा गुरु विष्णु गुरु देवो महेश्वरः, गुरुः साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः॥” के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ।

विज्ञापन एक्सप्रेस