छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर निकाला विरोध मार्च

भामाशाह चौराहे पर पुलिस ने रोका मार्च, एसडीएम सदर को सौंपा तीन सूत्रीय ज्ञापन
बदायूँ, 25 जुलाई 2026। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मोरपाल प्रजापति के नेतृत्व में तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान महासचिव कुमुद गंगवार के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों एवं युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध मार्च भी निकाला गया।
विरोध मार्च को पुलिस प्रशासन ने भामाशाह चौराहे पर रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बाद में प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान महासचिव कुमुद गंगवार के हस्तक्षेप के बाद कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पांडे की उपस्थिति में एसडीएम सदर को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
सभा को संबोधित करते हुए मोरपाल प्रजापति ने कहा कि जब तक छात्रों और युवाओं के साथ अन्याय होगा, कांग्रेस सड़क पर उतरकर संघर्ष करती रहेगी।
कुमुद गंगवार ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को कांग्रेस किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी और पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे आंदोलनों से केंद्र सरकार की शिक्षा नीति की कमियां उजागर हुई हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को आंदोलन की बड़ी उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में नेहा पांडे, रजनी सिंह, सुरेश राठौर, सुनीता सिंह, वीरेश तोमर, गौरव सिंह राठौर, डॉ. राम रतन पटेल, इदरीस तूफानी, उपासना चौहान, ममता प्रजापति, अर्जुन गंगवार सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और घटना की निष्पक्ष जांच एवं जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश प्रजापति ने किया। विरोध मार्च में जिला एवं ब्लॉक स्तर के अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
