बदायूं। भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए) शाखा बदायूं के तत्वावधान में शक्ति टेंट हाउस, जोगीपुरा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शाखा की वार्षिक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों एवं वार्षिक आय-व्यय विवरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत संस्थान के आजीवन सक्रिय सदस्य एवं पूर्व कोषाध्यक्ष स्वर्गीय वेद प्रकाश गुप्ता के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गई। उपस्थित सदस्यों ने उनके चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके सामाजिक एवं संस्थागत योगदान को स्मरण किया।
बैठक में स्वर्गीय वेद प्रकाश गुप्ता के निधन से रिक्त हुए कोषाध्यक्ष पद पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही संस्थान की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गई।
बैठक में शाखा अध्यक्ष अशोक खुराना, सचिव रामवीर सिंह, संयुक्त सचिव डी.के. चड्ढा, रजनी मिश्रा, सुमित कुमार मिश्रा, सुरेंद्र कुमार सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वर्गीय वेद प्रकाश गुप्ता के पुत्र नितिन प्रकाश गुप्ता अपनी पत्नी जया गुप्ता के साथ उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com