राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूँ में दिनांक 24 जुलाई 2026 को अपराह्न 12:00 बजे महाविद्यालय परिसर में “एक घण्टा एक पुस्तक पठन एवं समीक्षा” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने एक घंटे तक विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन किया तथा तत्पश्चात उनके मुख्य विचारों एवं संदेशों पर संक्षिप्त समीक्षा प्रस्तुत की। इस अवसर पर छात्राओं ने स्वामी विवेकानन्द के विचारों एवं जीवन दर्शन पर आधारित पुस्तकें, भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता से संबंधित पुस्तकें तथा महान भारतीय वैज्ञानिकों जैसे डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, सर सी. वी. रमन, डॉ. होमी जहाँगीर भाभा, डॉ. विक्रम साराभाई एवं डॉ. सत्येन्द्र नाथ बोस के जीवन एवं वैज्ञानिक योगदान पर आधारित पुस्तकों का अध्ययन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की 35 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने पुस्तक अध्ययन से प्राप्त ज्ञान, प्रेरणा एवं अनुभवों को साझा करते हुए नियमित अध्ययन की महत्ता पर बल दिया। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में बौद्धिक जिज्ञासा, तार्किक चिंतन तथा अभिव्यक्ति कौशल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सन्ध्या सक्सेना ने छात्राओं को नियमित रूप से पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पुस्तकें व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण की आधारशिला होती हैं। कार्यक्रम के संयोजक डा. बृजेश कुमार ने छात्राओं को ज्ञान-वर्धक साहित्य के अध्ययन की उपयोगिता बताते हुए निरंतर अध्ययन की आदत विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. मनोज कुमार, श्रीमती अर्चना पाण्डेय, डा. वेद प्रकाश, डा. ऋषभ भारद्वाज, डा. भावना सिंह तथा कार्यालय से श्री सीताराम एवं भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला से श्री रोहित कुमार उपस्थित रहे।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
