6:42 pm Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में बड़ा हादसा टला: जर्जर सरकारी स्कूल की दीवार गिरी, 50 बच्चे बाल-बाल बचे, सूचना न देने पर प्रधानाचार्य पर उठे सवाल

बदायूं

बदायूं में बड़ा हादसा टला: जर्जर सरकारी स्कूल की दीवार गिरी, 50 बच्चे बाल-बाल बचे, सूचना न देने पर प्रधानाचार्य पर उठे सवाल

केशव गुप्ता

बदायूं। शहर के जामा मस्जिद मुख्य गेट के सामने मोहल्ला नागरान हल्का नंबर-1 स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। विद्यालय की काफी समय से जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय स्कूल में करीब 50 बच्चे मौजूद थे। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित रहे और कोई जनहानि नहीं हुई।
दीवार गिरने से बाहर खड़ी चोला फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी की बाइक मलबे में दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय की दीवार लंबे समय से जर्जर हालत में थी, लेकिन विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इसकी जानकारी न तो बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी और न ही भवन को असुरक्षित घोषित कराने की कोई पहल की। समय रहते सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाती तो यह घटना टाली जा सकती थी।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में रोष है। लोगों ने जर्जर विद्यालय भवन की तत्काल जांच कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने और स्कूल भवन की मरम्मत अथवा नए भवन के निर्माण की मांग की है, ताकि भविष्य में बच्चों की जान जोखिम में न पड़े।

विज्ञापन एक्सप्रेस