8:20 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

कछला: कांवड़ यात्रा की तैयारियों का संयुक्त निरीक्षण, चेयरमैन-ईओ-इंस्पेक्टर ने गंगा घाट पर व्यवस्थाएं परखीं

कछला: कांवड़ यात्रा की तैयारियों का संयुक्त निरीक्षण, चेयरमैन-ईओ-इंस्पेक्टर ने गंगा घाट पर व्यवस्थाएं परखीं।

सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग, सुरक्षा और पेयजल को लेकर दिए कड़े निर्देश।

बदांयू 27 जुलाई।

आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार दोपहर नगर पंचायत कछला के चेयरमेन जगदीश सिंह चौहान, अधिशासी अधिकारी विनय मणि त्रिपाठी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने संयुक्त रूप से कछला गंगा घाट का निरीक्षण किया।

इस निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर चल रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान गंगा घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ आवागमन के मार्गों की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को मौके पर ही जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।

चेयरमेन जगदीश सिंह चौहान ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा जल लेने कछला पहुंचेंगे। इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं की सुविधा नगर पंचायत की प्राथमिकता है और यात्रा के दौरान हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

ईओ विनय मणि त्रिपाठी ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही न बरतने और नियमित रूप से कूड़ा उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान नगर पंचायत के कर्मचारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस