।
सीएमओ डॉ विकास शर्मा ने किया उझानी सीएचसी का औचक निरीक्षण।
उझानी बदायूं 28 जुलाई ।
अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और नर्सिंग होम पर नकेल कसने के लिए सीएमओ डॉ. विकास शर्मा मंगलवार को एक्शन में दिखे। दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएमओ के अचानक पहुंचने से अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मच गया। डॉ. शर्मा ने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, दवा वितरण काउंटर और परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को बारीकी से परखा। मरीजों से बात कर इलाज और दवाओं की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली।
इस दौरान नगर में कुकुरमुत्ते की तरह खुल रहे अवैध अस्पताल, नर्सिंग होम और डायग्नोस्टिक सेंटरों का मुद्दा भी उठा। इस पर सीएमओ ने सख्त लहजे में कहा:
“बिना रजिस्ट्रेशन के कोई भी अस्पताल नहीं चलने दिया जाएगा। इसकी जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है। जांच में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एक माह तक चलने वाले कांवड़ मेले को देखते हुए सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेन्द्र कुमार मोर्या को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान सभी डॉक्टर और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और मुस्तैदी से निभाएं। किसी भी श्रद्धालु को इलाज में कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे दुरुस्त रखा जाए।
सीएमओ के इस औचक निरीक्षण से सरकारी अस्पताल में व्यवस्था सुधारने के साथ-साथ अवैध रूप से चल रहे क्लीनिक संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
