नहीं बना बस अड्डा, विकास ऐसा गड्ढा! उझानी-ककराला में इंतजार, सहसवान का बस अड्डा भी बंद
बदायूं। जिले के नगरों और उपनगरों में सार्वजनिक परिवहन की बुनियादी सुविधाओं की स्थिति आज भी सवालों के घेरे में है। विकास के दावों के बीच कई नगरों में अब तक बस अड्डे का निर्माण नहीं हो सका है, जबकि जहां बस अड्डा बन चुका है, वहां भी उसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है।
बताया जाता है कि आजादी के आठवें दशक में भी नगर पालिका उझानी और नगर पालिका ककराला में बस अड्डा निर्माण की योजना धरातल पर नहीं उतर सकी है। वहीं नगर पालिका सहसवान में बस अड्डा बनने के बावजूद अब तक उसका संचालन शुरू नहीं हुआ है और भवन पर सरकारी ताले लटके हुए हैं।
बस अड्डों के अभाव में रोडवेज और अन्य बसें मुख्य सड़कों पर ही रुकती हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति पैदा होती है। यात्रियों को सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से बस अड्डे की मांग की जा रही है, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। नागरिकों का कहना है कि यदि बस अड्डों का निर्माण और संचालन समय पर होता, तो जाम की समस्या कम होती और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलतीं।
लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जिले के अधूरे बस अड्डा परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर संचालित कराने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
