


।
केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने उझानी स्टेशन से दिखाई ऐशबाग एक्सप्रेस को हरी झंडी।
उझानी-बदांयू 26 जुलाई।
आज उझानी स्टेशन पर इतिहास बना। जब केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने दोपहर 12 बजे कासगंज-ऐशबाग स्पेशल 05018 को हरी झंडी दिखाई तो पूरा स्टेशन भारत माता की जय और बीएल वर्मा जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। फूल बरसे, मिठाई भी बांटी गई।
कल 27 जुलाई से 15312/15311 इंटरसिटी एक्सप्रेस बनकर ये ट्रेन रोज कासगंज से लखनऊ तक दौड़ेगी।
इस मौके पर केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा बोले यह विकास की एक्सप्रेस है
श्री वर्मा ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी जी ने बदायूं को लगातार दूसरी बड़ी सौगात दी है। पहले दिल्ली, अब लखनऊ। अब किसान, छात्र, व्यापारी और मरीज सबको राजधानी तक सीधी और सस्ती सवारी मिलेगी।
इससे पहले स्क्रीन पर सभी ने लाइव प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को सुना, डीआरएम वीणा सिन्हा ने मुख्य अतिथि केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, विधायक हरीश शाक्य, महेशचंद्र गुप्ता,पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, नगराध्यक्ष सचिन अग्रवाल को हरियाली के संरक्षण के संकल्प के साथ पोधा भेंटकर स्वागत किया।
जनता की जुबानी: आज तो दिवाली है
रामप्रवेश यादव सभासद नपा उझानी-
10 साल से लखनऊ को ट्रेन मांग रहे थे। अब दिल्ली के बाद राजधानी लखनऊ को ट्रेन मिली है आज तो हमारे लिए दिवाली से कम नहीं है।
अंजलि मिश्रा, छात्रा उझानी –
मैं लखनऊ यूनिवर्सिटी में पढ़ती हूं। पहले 3 बस बदलनी पड़ती थीं। अब आने जाने में चेंजिंग का झंझट खत्म। थैंक्यू मोदी जी, थैंक्यू बीएल वर्मा जी।
जमीर अहमद व्यापारी –
बरेली और लखनऊ में हमारा कपड़े का कारोबार है। पहले माल भेजने में 2 दिन लग जाते थे। अब रातों-रात पहुंच जाएगा। कारोबार को पंख लग गए।
सुनीता देवी, गृहणी –
मेरी सास का SGPGI में इलाज चलता है। पहले आने जाने में 1500 रुपये लग जाते थे। परेशानी अलग अब 150 रुपये में सीधे लखनऊ। गरीब का भला हो गया।
टीचर रामदास यादव बोले-
11 साल पहले बंद हुई थी रुहेलखंड एक्सप्रेस। लगा था अब नहीं चलेगी। आज फिर उसी सीट पर बैठकर लखनऊ जाऊंगा। ये सपना पूरा हुआ है।
इस मौके पर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, हरीश शाक्य और जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता , पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल,नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी,ने मंच से कहा कि डबल इंजन की सरकार ने डबल सौगात देकर बदायूं का मान बढ़ा दिया।
उद्घाटन से पहले उझानी स्टेशन को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया था। हर तरफ एक ही चर्चा थी – अब बदायूं रुकेगा नहीं, दौड़ेगा। आज हरी झंडी के साथ सिर्फ एक ट्रेन नहीं चली। उझानी-बदायूं के लाखों लोगों के सपनों की गाड़ी पटरी पर आ गई। इस मौके पर पूर्व विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, किशनचंद्र शर्मा,शंकर गुप्ता रूद्र, राजीव गोयल, राहुल शंखधार, संदीप सक्सेना आदि मौजूद रहे।
राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
