12:14 am Sunday , 26 July 2026
BREAKING NEWS

राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूँ में गरिमामय रूप से संपन्न हुआ तृतीय कॉलेज दिवस समारोह

राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ में गरिमामय रूप से संपन्न हुआ तृतीय कॉलेज दिवस समारोह
बदायूँ, 25 जुलाई 2026

राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ के प्रांगण में शनिवार का दिन इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित हो गया, जब संस्थान ने अपना तृतीय कॉलेज दिवस अत्यंत हर्ष, उल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया। ज्ञान, संस्कार और सेवा के त्रिवेणी संगम का प्रतीक यह समारोह न केवल उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि भविष्य के संकल्पों का शंखनाद भी था।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परम्परा के अनुरूप दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रो. (डॉ.) एन.सी. प्रजापति, कुलपति, के.एम. विश्वविद्यालय, मथुरा एवं पूर्व प्रधानाचार्य ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई। उनके साथ मंच पर संस्थान के यशस्वी प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) शिव कुमार, उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार एवं उपस्थित रहे।

अपने सारगर्भित उद्बोधन में प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) शिव कुमार ने संस्थान की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की गौरवमयी यात्रा का सजीव चित्रण किया। इस अवसर पर उन्होंने बहुप्रतीक्षित कॉलेज डायरी का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि अल्प समय में ही जीएमसी बदायूँ ने शैक्षणिक उत्कृष्टता, उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा एवं शोध के क्षेत्र में जो मुकाम हासिल किया है, वह पूरे टीम वर्क का परिणाम है। उन्होंने भविष्य की योजनाओं, नए सुपर-स्पेशियलिटी विभागों एवं छात्र-कल्याण से जुड़ी पहलों पर भी प्रकाश डाला।

कॉलेज दिवस का सबसे प्रेरणादायी क्षण रहा मेधावी छात्र सम्मान समारोह। शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके परिश्रम को नमन किया गया। इस वर्ष कुल 19 प्रशस्ति-पत्र, जिनमें 18 सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर एवं 01 सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट तथा एक स्वर्ण पदक प्रदान किए गए।

समारोह का सर्वोच्च सम्मान “एन.सी. प्रजापति गोल्ड मेडल अवार्ड” एमबीबीएस की समस्त प्रोफेशनल परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक अर्जित करने वाली 2021 बैच की मेधावी छात्रा मिताली गर्ग को प्रदान किया गया। जैसे ही मिताली के नाम की घोषणा हुई, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यह पुरस्कार न केवल उनका सम्मान है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

अपने आशीर्वचन में मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) एन.सी. प्रजापति ने कहा कि चिकित्सा व्यवसाय नहीं, सेवा का पर्याय है। एक डॉक्टर के लिए संवेदनशीलता, समर्पण और निरंतर सीखने की ललक सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने जीएमसी बदायूँ को अपना परिवार बताते हुए इसकी प्रगति पर हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले संकाय सदस्यों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया

इस भव्य समारोह का सफल आयोजन उप-प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह के कुशल नेतृत्व एवं आयोजन समिति के सदस्यों डॉ. मुकत्याज हुसैन, डॉ. मनीष कुमार, डॉ इशा सिंघल, डॉ. सुचेता यादव, डॉ. नितेश पति तिवारी, डॉ. लालेन्द्र यादव डॉ. अमित कुमार डॉ पारुल डॉ निगार फतिमा के अथक परिश्रम का परिणाम था।

कार्यक्रम की गरिमा को स्वागत भाषण द्वारा डॉ. नेहा सिंह ने बढ़ाया, तो वहीं कुशल मंच संचालन की जिम्मेदारी डॉ. इतिशा चौधरी एवं डॉ. विनीत ने बखूबी निभाई। पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया का संचालन डॉ. रश्मि सिंह, विभागाध्यक्ष, फार्माकोलॉजी एवं डॉ. पारूल सक्सेना, सहायक आचार्य, एनाटॉमी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार ने सभी अतिथियों, प्रधानाचार्य, संकाय सदस्यों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं कर्मचारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ एस 0 के 0 मिश्रा, डॉ. रितुज अग्रवाल, डॉ. अमित कुमार, डॉ. वशिष्ठ मिश्रा, डॉ. अभिषेक शर्मा, डॉ. अमृता वाजपेयी, डॉ. श्रवण कुमार भार्गव, डॉ. शिवम कामठान, डॉ. पुनीत कुमार,डॉ. अर्जित गंगवार, डॉ नेहा सिंह डेंटिस्टरी, डॉ अभिलाष यादव, डॉ. आजाद कुमार, डॉ. वैशाली सिंह, डॉ. ऋचा जैन, डॉ स्वेता कनौजिया सहित समस्त अधिकारीगण, वरिष्ठ रेजीडेंट्स, छात्र-छात्राएं एवं उनके गौरवान्वित अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और समारोह को अविस्मरणीय बना दिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस