5:23 pm Saturday , 25 July 2026
BREAKING NEWS

कांवड़ यात्रा: 30 जुलाई से बदल जाएगा रूट, रोडवेज बसों का किराया भी बढ़ेगा

सावन में कछला घाट पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा के लिए बरेली-मथुरा हाईवे पर लागू होगा डायवर्जन।

बदांयू 25 जुलाई।

सावन का महीना 30 जुलाई से शुरू होते ही कांवड़ यात्रा का दौर भी शुरू हो जाएगा। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए कछला गंगा घाट पर बरेली, पीलीभीत, मुरादाबाद, चंदौसी समेत आसपास के जिलों से लाखों कांवड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है। भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं।

प्रशासन ने बरेली-मथुरा हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू करने का फैसला लिया है। इसके चलते रोडवेज की बसों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना पड़ेगा। रूट बदलने से बसों की दूरी और संचालन लागत बढ़ेगी, जिसका असर किराए पर भी पड़ेगा।

एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि दूरी बढ़ने के कारण किराए में आंशिक बढ़ोतरी की जा सकती है। अंतिम निर्णय यातायात दबाव के अनुसार लिया जाएगा।

यातायात प्रभारी आर.एल. राजपूत ने कहा,
> “कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। कछला घाट पर सावन में भारी भीड़ रहती है। इसी को देखते हुए डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया गया है। इसे निर्धारित तिथियों पर लागू किया जाएगा।

फर्रुखाबाद-शाहजहांपुर रूट-
उसावां, म्याऊं चौकी, डहरपुर, दातागंज, बेलाडांडी, फतेहगंज पूर्वी, बरेली, आंवला, बिसौली, सहसवान, गुनौर, नरोत्तम, अलीगढ़ होकर वाहन जाएंगे।

बरेली-कासगंज-आगरा रूट-
भारी वाहन गैनी, आंवला, बिसौली, सहसवान, गुनौर होते हुए निकाले जाएंगे।

मुरादाबाद-चंदौसी रूट-
यहां से आने-जाने वाले वाहन बिसौली, सहसवान, गुनौर, नरोत्तम, अलीगढ़ मार्ग से डायवर्ट रहेंगे।

सावन के विशेष दिनों में बरेली-मथुरा हाईवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि कांवड़ यात्रा के दौरान कोई अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को दिक्कत न हो।

हर सोमवार कछला घाट पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस