नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक मनाया येलो डे
बिल्सी। बाबा इंटरनेशनल स्कूल में गुरुवार, 23 जुलाई 2026 को कक्षा पी.जी. से के.जी. तक के विद्यार्थियों के लिए येलो डे का आयोजन बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर सभी नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी पीले रंग की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। विद्यालय की कक्षाओं को भी पीले रंग के गुब्बारों एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पीले रंग के महत्व, उपयोगिता तथा उसके सकारात्मक प्रभावों के बारे में सरल एवं रोचक ढंग से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेते हुए पीले रंग की वस्तुओं की पहचान की, कलात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया तथा आनंदपूर्वक विभिन्न खेलों एवं गतिविधियों का हिस्सा बने।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय व प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने किया।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि येलो डे का उद्देश्य विद्यार्थियों को रंगों के महत्व से परिचित कराना तथा उनके व्यक्तित्व विकास में सहायक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि सनातन धर्म में पीले रंग का संबंध देवगुरु बृहस्पति से माना जाता है, जो ज्ञान, सकारात्मकता एवं शुभता के प्रतीक हैं। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी पीला रंग ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक सोच का संचार करता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि पीला रंग जीवन में शुभता, प्रसन्नता और आशावाद का प्रतीक है। यह सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा बच्चों के मानसिक एवं भावनात्मक विकास में भी सहायक होता है। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं में भी पीले रंग का विशेष महत्व है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने पीले रंग से संबंधित विभिन्न शिक्षण सामग्रियों एवं कलात्मक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
