बदायूं: जूस में नशा मिलाकर ई-रिक्शा उड़ाया, चालक सड़क पर मिला बेहोश।
बदांयू 19 जुलाई।
किराया कमाने निकले एक ई-रिक्शा चालक को शातिर ने मीठी बातों और ठंडे जूस के सहारे अपना शिकार बना लिया। आरोपी जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर चालक को बेहोश कर 3 लाख का ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया।
उझानी थाना क्षेत्र के ग्राम वरामालदेव निवासी वीरपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि 14 जुलाई की दोपहर करीब 1 बजे वरी वाला बाईपास उझानी पर एक अज्ञात युवक मिला। उसने माल लाने-ले जाने के बहाने वीरपाल का ई-रिक्शा 300 रुपये में बदायूं के लिए बुक किया।
बदायूं बस स्टैंड पहुंचते ही आरोपी ने “थकान उतारने” के बहाने वीरपाल को ठंडा जूस पिलाया। जूस पीते ही वीरपाल को चक्कर आने लगे और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। होश आने पर देखा तो न ई-रिक्शा था न वो शख्स।
परिजनों ने वीरपाल को बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक दिन बाद होश आने पर उसने आपबीती सुनाई। जांच में पता चला कि आरोपी सोनू पुत्र नामालूम, निवासी ग्राम अचोरा थाना उझानी का है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक दिनेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

