1:10 am Saturday , 18 July 2026
BREAKING NEWS

धरने के 15वें दिन भी नहीं मिला न्याय, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

बदायूं।

डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क (जिला चिकित्सालय के निकट) में पूर्व कमिश्नर बाबा हरदेव सिंह विचार मंच के बैनर तले चल रहे धरने के 15वें दिन भी पीड़ित परिवारों ने न्याय की मांग दोहराई। धरने में प्रशासन द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित लोग अपनी वैधानिक शिकायतों के समाधान की मांग कर रहे हैं।

मंच के बरेली मंडल अध्यक्ष डॉ. हरिनंदन सिंह ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर कहा कि 15 दिनों से धरना जारी रहने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे पीड़ितों में निराशा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो पीड़ितों की आवाज सरकार और उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए मंच के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को धरना स्थल पर बुलाया जाएगा।

मंच के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने पीड़ितों की समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित करने पर मीडिया का आभार व्यक्त किया तथा समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया से अपील की कि वे न्याय दिलाने के अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मंच कल से इस संबंध में रणनीतिक कदम उठाएगा।

धरने का नेतृत्व कर रहे किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रोहिताश सिंह पटेल ने कहा कि गरीब एवं असहाय लोगों के साथ हुए कथित अन्याय में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

धरने में जिला उपाध्यक्ष ऋषि नंदन शर्मा, जय किशन लाल शर्मा, जिला महासचिव नितिन कुमार, जिला उपाध्यक्ष बन्ने खां, युवा जिला अध्यक्ष अतुल पटेल, वीरेंद्र सिंह, प्रशांत सिंह, श्रीकृष्ण, गजेंद्र, नारायणी देवी, श्रीवास्तव, राजू मौर्य सहित पीड़ित परिवारों में कुसुमलता, चंद्रवती, किसवरी, स्नेहलता, दिलावर हुसैन और विनेश सिंह उर्फ विनेश चंद्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस