बदायूं
एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को बदायूँ में मिली नई ऊर्जा, डीएम-एसएसपी समेत अधिकारियों ने किया पौधरोपण
केशव गुप्ता
बदायूँ, 12 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के “एक पेड़ माँ के नाम” वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत रविवार को पुलिस लाइन बदायूँ में जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और केवल पौधारोपण तक ही सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया पौधा भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए प्राणवायु का प्रमुख स्रोत हैं। ये पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने, वर्षा चक्र को सुदृढ़ करने तथा जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती से निपटने में अहम योगदान देते हैं। बढ़ते प्रदूषण, तापमान में वृद्धि और जल संकट जैसी समस्याओं का प्रभावी समाधान भी अधिक से अधिक वृक्षारोपण से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि जब प्रशासन, पुलिस, विद्यार्थी, किसान, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मिलकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाएंगे, तभी हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत का सपना साकार होगा।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर जनपद के सभी थाना परिसरों, पुलिस चौकियों एवं पुलिस कार्यालयों में भी “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। बदायूँ पुलिस ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए इस महाअभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

