बदायूं
आकाशीय बिजली गिरने से ईंट भट्ठे की चिमनी क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला
केशव गुप्ता
उसावां (बदायूं)। लगातार हो रही बारिश के बीच उसावां क्षेत्र में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे स्थित पवित्र ईंट उद्योग पर आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। तेज धमाके के साथ बिजली भट्ठे की ऊंची चिमनी पर गिरी, जिससे चिमनी का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में भट्ठे के कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जल गए।
गनीमत रही कि घटना के समय चिमनी के पास काम कर रहे दो मजदूर बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बिजली का असर भट्ठे के पास बने एक मकान पर भी पड़ा। यहां रहने वाले नरेश सिंह पुत्र श्याम सिंह के घर में लगे कई घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खराब हो गए, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
बताया जाता है कि पवित्र ईंट उद्योग का संचालन मनोज गुप्ता द्वारा किया जाता है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल नीरज सिंह मौके पर पहुंचे और नुकसान का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की।
इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों व ऊंची इमारतों से दूर रहने की अपील की है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

