11:15 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

पूर्व कमिश्नर बाबा हरदेव सिंह विचार मंच के बैनर तले 9वें दिन जारी धरना

बदायूं “कानून की दो परिभाषा — गरीब के लिए अलग, अमीर के लिए अलग।

पूर्व कमिश्नर बाबा हरदेव सिंह विचार मंच के बैनर तले 9वें दिन भी जारी धरना।

बदायूं 8 जुलाई।

जिले में न्याय की मांग को लेकर पूर्व कमिश्नर बाबा हरदेव सिंह विचार मंच के बैनर तले चल रहा धरना बुधवार को 9वें दिन भी जारी रहा। धरने का नेतृत्व मंच के बरेली मंडल अध्यक्ष डॉ. हरिनंदन सिंह कर रहे हैं।

स्थान डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पार्क, निकट जिला चिकित्सालय, बदायूं में आयोजित धरने को संबोधित करते हुए डॉ. हरिनंदन सिंह ने कहा कि प्रशासन पीड़ितों की वैधानिक मांगों को लेकर अब तक गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा, भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों ने कानून की दो परिभाषाएं बना दी हैं — गरीब व्यक्ति के लिए अलग और अमीरों के लिए अलग।

प्रमुख आरोप और मांगें
धरने में शामिल पीड़ित परिवारों ने कई गंभीर आरोप लगाए
इमरान हत्याकांड में परिवार का आरोप है कि हत्या वाले दिन की कॉल रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है, लेकिन पुलिस उसे जांच में शामिल नहीं कर रही है। निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
भू-माफिया और फर्जी मुकदमे- आरोप है कि शहर के भू-माफियाओं ने अवैध रूप से जमीन हड़पी, निर्दोषों पर मुकदमा दर्ज कराया और पुलिस पर दबाव बनाकर जेल भिजवाया। इसकी प्राथमिकी तक दर्ज नहीं हो रही।
महिला की फसल कटवाना- एक विधवा महिला द्वारा बोई गई गेहूं की फसल दूसरे व्यक्ति से कटवा दी गई।
हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना- पीड़ितों का कहना है कि माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद की रिट संख्या 41337/2024 दिनांक 20.03.2025 के आदेश का पालन नहीं किया गया। उल्टा तहसील कर्मियों के दबाव में लेखपाल से पीड़ित पर मु.अ.सं. 62/2025 दिनांक 26.04.2025 को झूठा मुकदमा पंजीकृत करवा दिया गया।
दोहरी बिक्री और दाखिल-खारिज- पहले से विक्रय पत्र द्वारा खरीदी गई जमीन का दाखिल-खारिज 27.02.2017 को हो चुका था, इसके बावजूद विक्रेता ने दोबारा जमीन बेच दी। आरोप है कि अधिकारियों ने बाद में दूसरे लोगों का भी दाखिल-खारिज कर दिया। पीड़ित परिवार 30.06.2026 से लगातार धरने पर बैठे हैं।

किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रोहिताश सिंह पटेल ने कहा, गरीब और असहाय लोगों पर हो रहे अन्याय को आज प्रतिष्ठित समाचार पत्र भी महत्व नहीं दे रहे। यह चिंता का विषय है। मैं उन पत्रकार बंधुओं का अभिनंदन करता हूं जो इस अन्याय को निडरता से प्रकाशित कर रहे हैं।

महिला प्रकोष्ठ की जिला उपाध्यक्ष रामबेटी ने कहा, जब तक न्याय नहीं मिलेगा, हम लोग अडिग रहेंगे और पीछे नहीं हटेंगे।

धरने में मंच के सदस्य वीरेंद्र सिंह, प्रशांत सिंह सहित कुसुम लता, चंद्रवती, किसवरी, दिलावर हुसैन, विनेश सिंह उर्फ विनेश चंद्र आदि पीड़ित परिवार मौजूद रहे।

प्रशासन से मांग की गई है कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि बेगुनाहों को न्याय मिल सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस