बदायूं, 08 जुलाई 2026 — आज राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास, बदायूं में हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रेमचंद चौधरी का संतकबीर नगर जनपद में स्थानांतरण होने के बाद उनके लिए भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। शासन की ऑनलाइन स्वैच्छिक स्थानांतरण सुविधा का लाभ लेते हुए डॉ. प्रेमचंद चौधरी ने अपना स्थानांतरण राजकीय महिला महाविद्यालय, संत कबीर नगर में करा लिया है। इसके साथ ही पिछले माह जून में हिंदी विभाग के प्रभारी डॉ रविन्द्र सिंह यादव ने भी अपना स्थानांतरण राजकीय महिला महाविद्यालय बरेली में करा लिया। हिन्दी दोनों प्राध्यापक स्वैच्छिक रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं, जिससे महाविद्यालय में हिंदी के दोनों पद फिलहाल रिक्त हो गए हैं।
विदाई कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सतीश सिंह यादव, डॉ. संजय कुमार, डॉ. राकेश कुमार जयसवाल, डॉ. संजीव राठौर, डॉ. सचिन राघव, डॉ. जुनेद आलम, डॉ. राशेदा खातून , डॉ. ज्योति बिश्नोई आदि ने डॉ. प्रेमचंद के साथ अपने संबंधों और स्मृतियों को साझा करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
डॉ. प्रेमचंद चौधरी ने महाविद्यालय में सन 2021 से निरंतर पाँच वर्षों तक निष्ठापूर्वक शिक्षा तथा शैक्षणिक गतिविधियों का सफल संचालन किया। वे अध्यापन के प्रति समर्पित रहे और छात्र-छात्राओं के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। प्रभावशाली वक्ता और कुशल मंच संचालक के रूप में उनके योगदान को सभी ने सराहा। उनकी सेवा और समर्पण के चलते महाविद्यालय के शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण को मजबूती मिली है। विदाई के अवसर पर अनेक शिक्षकों ने कहा कि उनका स्थानांतरण संस्थान के लिए क्षति है।
इस वर्ष हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र सिंह यादव ने भी स्वैच्छिक रूप से अपना स्थानांतरण कराया और वे अब अवंती बाई लोधी राजकीय महिला महाविद्यालय, बरेली में सेवा दे रहे हैं। दोनों स्थानांतरणों के चलते विभागीय गतिविधियों और शैक्षणिक कार्यक्रम के अवरूद्ध होने की आशंका जताई जा रही है। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि रिक्त पदों की पूर्ति हेतु शासन से निवेदन किया जाएगा, ताकि आने वाले सत्र में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
विदाई कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए डॉ. अनिल कुमार ने कहा, “डॉ. प्रेमचंद ने पाँच वर्षों में महाविद्यालय की शैक्षिक उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हम उन्हें उनकी नई नियुक्ति के लिए शुभकामनाएँ देते हैं।” डॉ. प्रेमचंद ने भी भावुक होते हुए सभी का धन्यवाद किया और छात्रों तथा सहकर्मियों के साथ बिताए पलों को याद किया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

