बदायूं
बदायूं: शादी के 6 माह बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप।
सिसरका गांव में विवाहिता की मौत से हड़कंप, अवैध संबंध के शक में हत्या का आरोप।
बदायूं 7 जुलाई।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव सिसरका में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की शादी करीब 6 माह पहले हुई थी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए।
मृतका के भाई लोकेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बहन सीमा की शादी नवंबर 2025 में सिसरका निवासी अंकित के साथ की थी। शादी के बाद अंकित अपनी पत्नी को लेकर हिमाचल प्रदेश मजदूरी करने चला गया था।
लोकेश का आरोप है कि वहां अंकित ने सीमा को फंदे से लटका दिया और बाद में शव को लेकर अपने गांव सिसरका आ गया। रविवार को किसी व्यक्ति ने उन्हें घटना की सूचना दी। सूचना पर जब वे ससुराल पहुंचे तो वहां बहन का शव पड़ा मिला और ससुराल वाले मौके से गायब थे।
भाई लोकेश ने आरोप लगाया कि उनके बहनोई के किसी अन्य महिला से संबंध थे। इस बात की शिकायत बहन सीमा कई बार उनसे कर चुकी थी। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति अंकित समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और फरार ससुरालियों की तलाश की जा रही है।
—

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

