

बदायूँ-मथुरा हाईवे पर ट्रैक्टरों की होड़ बनी वजह, पुलिस के देर से पहुंचने पर उठे सवाल।
उझानी-बदांयू 7 जुलाई।
नगर के बदायूँ-मथुरा हाईवे स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के सामने मंगलवार सुबह भीषण जाम लग गया। जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए, जिनमें कई स्कूली बसें भी शामिल थीं। इस कारण बच्चों समेत राहगीरों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
सुबह के समय किसान मक्का लेकर मंडी पहुंच रहे थे। इसी दौरान मक्का से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियों की संख्या अचानक बढ़ गई। आगे निकलने की होड़ में चालकों ने बीच सड़क पर ही ट्रैक्टर खड़े कर दिए, जिससे जाम लग गया।
हाईवे पर स्थित कई बड़े स्कूलों के कारण सुबह स्कूली बसों, रोडवेज बसों, ई-रिक्शा, टेंपो और दोपहिया वाहनों का आवागमन भी इसी मार्ग से होता है। जाम लगते ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के चलते कई स्कूली बच्चे समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके।
जाम का असर आसपास के चौराहों पर भी देखा गया। स्थिति बिगड़ने पर किसी राहगीर ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे तीन कॉन्स्टेबलों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया।
जाम के दौरान यातायात उपनिरीक्षक एम.एल. साहू और उनका विभागीय स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं थे। पुलिस की अनुपस्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।
मंडी समिति प्रशासन की ओर से भी जाम खुलवाने के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी के दिनों में सुबह के समय अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और आमजन को परेशानी न हो।
—
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

