12:02 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

टनकपुर-नांदेड और नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस का शुभारंभ, टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन अब शाहजहांपुर तक

टनकपुर-नांदेड और नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस का शुभारंभ, टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन अब शाहजहांपुर तक।


उत्तर से दक्षिण तक सीधी कनेक्टिविटी, धार्मिक और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा।

बरेली 6 जुलाई ।

पूर्वोत्तर रेलवे ने रविवार को यात्रियों को बड़ी सौगात दी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस और टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन के शाहजहांपुर तक विस्तार का शुभारंभ किया।

06 जुलाई को टनकपुर, नांदेड और पीलीभीत स्टेशन से तीनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई। इस मौके पर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।

5 राज्यों को जोड़ेगी नई रेल सेवा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और लोगों की मांग को देखते हुए टनकपुर-नांदेड और नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस चलाने की मंजूरी दी गई। इससे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सीधा रेल संपर्क बेहतर होगा।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 साल में 37 हजार किमी नई रेल लाइन बनी और 99.6 प्रतिशत रेल विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। बुलेट ट्रेन पर काम तेजी से चल रहा है और अगले साल इसके शुरू होने की उम्मीद है। गरीब और मध्यम वर्ग के लिए 12 हजार नए सामान्य कोच बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 4 हजार कोच पहले ही लग चुके हैं।

उत्तराखंड और महाराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक दिन
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इसे कुमाऊं के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा, “टनकपुर कुमाऊं का प्रवेश द्वार है। यहां से पूर्णागिरि और आदिकैलाश का मार्ग जाता है। अब महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और यूपी के शहरों से सीधे उत्तराखंड आया जा सकेगा। इससे स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिलेगा।

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई से नांदेड के लिए एक्सप्रेस ट्रेन मिलने से धार्मिक पर्यटन और व्यापार दोनों को फायदा होगा।

सिख श्रद्धालुओं की पुरानी मांग पूरी
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि टनकपुर-नांदेड ट्रेन से सिख श्रद्धालुओं की बड़ी मांग पूरी हुई है। अब श्रद्धालु सीधे गुरु गोविंद सिंह जी की पवित्र धरती नांदेड जा सकेंगे।

केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि इस विस्तार से पीलीभीत टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने पीलीभीत से अमृतसर के लिए सीधी ट्रेन की मांग भी रेल मंत्री के सामने रखी।

केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर स्टेशन का पुनर्विकास किया जा रहा है ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा और सांसद मिथलेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस