

खबर का बड़ा असर: वायरल वीडियो के बाद जागा प्रशासन, खुले में पड़े गोवंश के शवों का कराया गया नियमानुसार निस्तारण
पशु चिकित्साधिकारी ने मौके पर पहुंचकर कराया निरीक्षण, हरे चारे की व्यवस्था कर केयरटेकर को दी चेतावनी
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव बदायूं । सालारपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बादल स्थित अस्थायी गौशाला में मृत गोवंश को खुले मैदान में फेंके जाने का वीडियो वायरल होने और मामला प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। शनिवार को पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव कुमार भुइयार ने मौके पर पहुंचकर गौशाला का निरीक्षण किया और खुले मैदान में पड़े मृत गोवंश के शवों का जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार निस्तारण कराया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उनकी मौजूदगी में हरे चारे की व्यवस्था कराई गई तथा गौवंशों को चारा उपलब्ध कराया गया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश भी दिए।
गौरतलब है कि वायरल वीडियो में मृत निराश्रित गोवंश को ट्रॉली से खुले मैदान में फेंकते हुए दिखाया गया था। ग्रामीणों ने गौशाला में चारा, पानी और उपचार की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गोवंशों की मौत होने तथा शवों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण न किए जाने के आरोप लगाए थे। मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और गौशाला की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की थी।
इस संबंध में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव कुमार भुइयार ने बताया कि खबर के माध्यम से मामला संज्ञान में आने पर वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने गौवंशों के लिए हरे चारे की व्यवस्था कराई तथा खुले में पड़े मृत गोवंश के शवों का जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार निस्तारण कराया। साथ ही केयरटेकर को भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न करने की सख्त चेतावनी दी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

