3:23 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

महिला ने दरोगा समेत दो भाइयों पर मकान तुड़वाने का लगाया आरोप, डीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग

महिला ने दरोगा समेत दो भाइयों पर मकान तुड़वाने का लगाया आरोप, डीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग

कुंवर गांव संवाददाता

कुंवरगांव बदांयू । थाना क्षेत्र के गांव खासपुर की रहने वाली एक महिला ने थाना पुलिस के एक दरोगा तथा गांव के दो भाइयों पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि पैसों के विवाद में दबाव बनाकर उसका मकान तुड़वा दिया गया और परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता खुर्शीदा पत्नी सलीम ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में स्थित उसके मकान और पारिवारिक बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उसके अनुसार गांव की पंचायत में नसीम व शमीम पुत्र अल्लन के साथ समझौता हुआ था, जिसके तहत ट्यूबवेल के बदले उसे 35 हजार रुपये दिए जाने थे। आरोप है कि दोनों भाइयों ने केवल 25 हजार रुपये दिए, जबकि 10 हजार रुपये अब तक नहीं दिए गए।

महिला का कहना है कि बकाया राशि देने के बजाय दोनों भाई उसके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। आरोप है कि इसी उद्देश्य से उन्होंने कुंवरगांव थाने में तैनात एक दरोगा की मिलीभगत से उसके पति और बेटे को जेल भेजने की धमकी दि तथा मकान तुड़वा दिया। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसका परिवार बेहद परेशान है और रहने के लिए भी संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

खुर्शीदा ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर संबंधित दरोगा तथा नसीम और शमीम के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद गांव में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

पुलिस का पक्ष:
इस मामले में एसआई विनोद शर्मा ने महिला के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पैसों का विवाद था, जिसे थाने में समझौते के माध्यम से सुलझा दिया गया था। समझौते के तहत महिला को 25 हजार रुपये मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि महिला ने संभवतः जगह खाली करने के उद्देश्य से स्वयं ही मकान तोड़ा होगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस