3:23 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

जर्जर विद्युत लाइन बनी हादसे की वजह, करंट से भैंस की मौत, बुजुर्ग महिला झुलसी

जर्जर विद्युत लाइन बनी हादसे की वजह, करंट से भैंस की मौत, बुजुर्ग महिला झुलसी

कुंवर गांव संवाददाता

– ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, मुआवजे और कार्रवाई की मांग

कुंवरगांव। वजीरगंज विकासखंड क्षेत्र के गांव गरुईया में जर्जर विद्युत लाइन एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। बारिश के दौरान बिजली का तार टूटकर नीचे गिरने से करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने का प्रयास कर रही एक बुजुर्ग महिला झुलस गई। घटना के बाद गांव में बिजली विभाग के प्रति लोगों में नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अजय पाल सिंह की भैंस घर के पास एक पेड़ के नीचे बंधी हुई थी। लगातार बारिश के बीच ऊपर से गुजर रही जर्जर विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर भैंस पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान पास मौजूद प्रेमवती भैंस को बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की विद्युत लाइन लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। कई स्थानों पर बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं और बारिश के दौरान अक्सर स्पार्किंग की घटनाएं होती रहती हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जर्जर लाइन को तत्काल बदलने, पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने तथा मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस