3:22 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

दिव्यांगजन शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में करें आवेदन

दिव्यांगजन शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में करें आवेदन
बदायूँ: 02 जुलाई। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रणव पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उ0प्र0 द्वारा दिव्यांगजन शादी प्रोत्साहन पुरस्कार योजना संचालित है, योजनान्तर्गत ऐसे दिव्यांग दम्पत्ति जिनका विवाह चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 अथवा गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में सम्पन्न हुआ हो, वह योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु पात्र होंगे। शादी विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजनान्तर्गत दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के पोर्टल www.divyangjan.upsdc.gov.in पर आवेदक द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया जायेगा, ऑनलाइन आवेदन में दम्पत्ति की दिव्यांगता प्रदर्शित करने वाला संयुक्त नवीनतम फोटो, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, बैंक खाता, विवाह पंजीकरण प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की छायाप्रति स्वप्रमाणित कर अपलोड करना होगा।
उन्होंने योजनान्तर्गत पात्रता के बारे में बताया कि दम्पत्ति भारत का नागरिक हो, दम्पत्ति उत्तर प्रदेश का स्थायी निवासी या कम से कम पांच वर्ष का उसका अधिवासी हो, दम्पत्ति में कोई सदस्य किसी आपराधिक मामले में दण्डित न किया गया हो, शादी के समय युवक की आयु 21 बर्ष से कम तथा 45 वर्ष से अधिक न हो, युवती की आयु 18 वर्ष से कम एवं 45 वर्ष से अधिक न हो, दम्पत्ति का विवाह सामान्य युवक-युवती अथवा दिव्यांग से सक्षम न्यायालय द्वारा कानूनी विवाह किया गया हो का प्रमाण पत्र अपलोड किया जाना स्वैच्छिक होगा, दम्पत्ति में से कोई सदस्य आयकर दाता की श्रेणी में न हो, जिसके पास पूर्व से कोई जीवित पति या पत्नी न हो और उनके ऊपर महिला उत्पीड़न या अन्य आपराधिक वाद न चल रहा हो, ऐसे दम्पत्ति इन योजनान्तर्गत आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने शादी विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार स्वरूप प्रदान किये जाने वाली धनराशि के बारे में बताया कि दम्पत्ति में वर के दिव्यांग होने पर 15,000 रुपए की धनराशि प्रदान की जाती है। दम्पत्ति में वधु के दिव्यांग होने पर 20,000 रुपए की धनराशि प्रदान की जाती है। दम्पत्ति में वर-वधु (दोनों) के दिव्यांग होने पर 35,000 रुपए की धनराशि प्रदान की जाती है। गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग द्वारा 25 दिव्यांग दम्पत्तियों को शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार से लाभान्वित किया गया है। अधिक जानकारी के लिए विकास भवन, बदायूँ में स्थित कक्ष संख्या-103 कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी से सम्पर्क किया जा सकता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस