बदायूं में 50 हजार का इनामी डकैत ढेर, मुठभेड़ में दरोगा-सिपाही लहूलुहान।
बदांयू 1 जुलाई
जिले में अपराधियों पर पुलिस का कहर टूट पड़ा। 112 दिन से फरार चल रहे 50 हजार के इनामी डकैत जितेंद्र को बुधवार रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आमने-सामने की इस फायरिंग में एक दरोगा और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बदमाश जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल दरोगा और सिपाही का इलाज जारी है।

ये पूरा मामला 19 मई की काली रात से जुड़ा है। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के नजाकत के घर में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर लाखों की डकैती डाली थी। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर इस गैंग के 7 बदमाशों को पहले ही जेल भेज दिया था, लेकिन गैंग का सरगना हापुड़ निवासी जितेंद्र फरार चल रहा था। उस पर एसएसपी ने 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
एसओजी और सिविल लाइंस पुलिस को बुधवार रात पुख्ता सूचना मिली कि इनामी जितेंद्र किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने बिजनौर हाईवे से गुजरने वाला है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग शुरू की। तभी एक बाइक पर आ रहे संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया।
पुलिस को देखते ही जितेंद्र ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की और तमंचे से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग में एक गोली दरोगा की जांघ में और दूसरी सिपाही के हाथ में जा धंसी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की एक गोली जितेंद्र के सीने में लगी। लहूलुहान होकर वो बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां जितेंद्र ने दम तोड़ दिया।
एसएसपी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक 315 बोर का तमंचा, कई खोखे और चोरी की बाइक बरामद हुई है। घायल दरोगा और सिपाही खतरे से बाहर हैं। जितेंद्र पर लूट, डकैती और हत्या के प्रयास के एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे।
एसएसपी ने कहा, “बदायूं पुलिस का अपराधियों को साफ संदेश है – या तो अपराध छोड़ दो या जिला छोड़ दो। 112 दिन में डकैती का मुख्य आरोपी ढेर कर दिया गया। इस गैंग का पूरी तरह सफाया हो चुका है।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

