बदायूं
IGRS जनसुनवाई निस्तारण में बदायूँ पुलिस पूरे उत्तर प्रदेश में नंबर-1, जून माह में 135 में 135 अंक हासिल
केशव गुप्ता
बदायूँ। जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में बदायूँ पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शासन द्वारा जून-2026 के लिए जारी मूल्यांकन रिपोर्ट में बदायूँ पुलिस को प्रदेश के सभी 75 जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जनपद ने अधिकतम 135 में से 135 अंक हासिल कर प्रदेश में नंबर-1 रैंक प्राप्त की।
यह उपलब्धि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में हासिल हुई। उनके नेतृत्व में जनपद के सभी 22 थानों ने जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया, जिसके परिणामस्वरूप बदायूँ पुलिस ने प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।
मूल्यांकन के दौरान संदर्भों की मार्किंग, अग्रसारण, डिफॉल्टर श्रेणी, संतुष्ट फीडबैक, उच्चाधिकारियों एवं मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा श्रेणीकरण, रैंडम जांच, उच्चाधिकारी कार्यवाही, जनता दर्शन फीडिंग, प्रोफाइल अपडेट तथा फील्ड विजिट रिपोर्ट सहित सभी मानकों पर बदायूँ पुलिस को पूर्ण अंक प्राप्त हुए।
इस उल्लेखनीय सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने नोडल अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक अशोक कुमार काम्बोज तथा पूरी आईजीआरएस यूनिट की सराहना करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही भविष्य में भी जनसुनवाई शिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण की इसी कार्यशैली को बनाए रखने के निर्देश दिए।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

