बदायूँ। बी.आर.बी. मॉडल स्कूल, बदायूँ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 (एनईपी–2020) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के संसाधन व्यक्ति प्रो. (डॉ.) मौसम एस. सिन्हा रहे, जिन्होंने नई शिक्षा नीति के विभिन्न आयामों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम विद्यालय के निदेशक हिमांशु बत्रा एवं प्रधानाचार्य बृजेश भट्ट की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के समन्वयक, पीजीटी, टीजीटी एवं पीआरटी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यशाला में प्रो. (डॉ.) मौसम एस. सिन्हा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के प्रमुख उद्देश्यों, दक्षता आधारित शिक्षा, अनुभवात्मक अधिगम, समग्र एवं बहुआयामी विकास, कौशल आधारित शिक्षण, नवाचार, बहुभाषिकता तथा विद्यार्थियों में 21वीं सदी के कौशलों के विकास पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थी-केंद्रित, गतिविधि आधारित एवं रचनात्मक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विचार-विमर्श किया तथा एनईपी–2020 के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम ने शिक्षकों को नई शिक्षा नीति की अवधारणाओं को समझने तथा उन्हें विद्यालयी शिक्षण प्रक्रिया में व्यवहारिक रूप से लागू करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर निदेशक श्री हिमांशु बत्रा ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ शिक्षकों के ज्ञान एवं कौशल में वृद्धि कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होती हैं। प्रधानाचार्य श्री बृजेश भट्ट ने संसाधन व्यक्ति प्रो. (डॉ.) मौसम एस. सिन्हा का आभार व्यक्त करते हुए सभी शिक्षकों से कार्यशाला के महत्वपूर्ण बिंदुओं को अपने शिक्षण कार्य में समाहित करने का आह्वान किया।







badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

