हाईवे पर स्टंट का ‘आग वाला खेल’, बाइक से उड़ाईं चिंगारियां।
दो बाइकों पर तीन-तीन युवक सवार, स्टैंड घसीटकर दिखाया करतब, वीडियो वायरल।
बदांयू 30 जून।
हाईवे पर जान जोखिम में डालकर स्टंट करने का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो बाइकों पर तीन-तीन युवक सवार दिख रहे हैं। एक बाइक का स्टैंड सड़क पर घसीटने से लगातार चिंगारियां निकल रही हैं। रात के अंधेरे में सड़क पर आग की लकीर जैसा नजारा देख लोग दहशत में आ गए।
वायरल वीडियो में युवक बिना हेलमेट तेज रफ्तार में स्टंट करते नजर आ रहे हैं। स्टैंड घसीटने से निकल रही चिंगारियों से बड़ा हादसा हो सकता था। हाईवे पर चल रहे दूसरे वाहनों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ी।
वीडियो में दोनों बाइकों के नंबर साफ दिख रहे हैं। लोगों ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर पुलिस और आरटीओ से कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि नंबर के आधार पर स्टंटबाजों की पहचान कर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वीडियो बदायूं के किस हाईवे का है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो में कोई साइनबोर्ड या पहचान चिह्न भी नजर नहीं आ रहा। फिर भी बाइक नंबर साफ होने से पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल नहीं होगा।
बदायूं में स्पोर्ट्स बाइक से स्टंट के वीडियो पहले भी वायरल हो चुके हैं। पुलिस चालान कर चुकी है, लेकिन स्टंटबाजों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों ने लाइसेंस रद्द कर बाइक सीज करने की मांग की है।



पुलिस का कहना है स्टंट करना अपराध है। वीडियो की जांच कर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। मोटर वाहन अधिनियम में 5000 रुपये जुर्माने या 6 महीने तक की सजा का प्रावधान है।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

