10:18 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में भीषण सड़क हादसा: बेटे को बस पर बैठाने जा रहे पिता की मौत, बेटा-भतीजा गंभीर

बिल्सी में भीषण सड़क हादसा: बेटे को बस पर बैठाने जा रहे पिता की मौत, बेटा-भतीजा गंभीर।

बिल्सी-बदांयू, 29 जून।

रविवार रात करीब 10:30 बजे बिल्सी थाना क्षेत्र के रोहान-रिसौली मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक का बेटा और भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव अकौली निवासी 45 वर्षीय कृष्णपाल पुत्र रामसिंह के रूप में हुई है। कृष्णपाल अपने बेटे परमजीत को उझानी छोड़ने जा रहे थे। परमजीत पंजाब में मजदूरी करता है और उसे उझानी से बस पकड़नी थी। बाइक पर कृष्णपाल के साथ उनका भतीजा सतवीर भी सवार था।

बताया जा रहा है कि रोहान-रिसौली मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने कृष्णपाल की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्णपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा परमजीत और भतीजा सतवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही बिल्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक कृष्णपाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

गांव में कृष्णपाल की मौत से कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन एक्सप्रेस