4:17 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

ज्येष्ठ पूर्णिमा: कछला घाट पर दिनभर उमड़ा आस्था का सैलाब, दान-पुण्य से कमाया पुण्य

ज्येष्ठ पूर्णिमा: कछला घाट पर दिनभर उमड़ा आस्था का सैलाब, दान-पुण्य से कमाया पुण्य।

पुलिस-गोताखोर रहे मुस्तैद, भक्ति-श्रद्धा के माहौल से सराबोर रहा क्षेत्र।

उझानी-बदांयू 29 जून।

ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर बदांयू जनपद स्थित कछला गंगा घाट सोमवार को श्रद्धालुओं की आस्था का महाकुंभ बना रहा। तड़के सुबह से देर शाम तक कासगंज, एटा, हाथरस और अलीगढ़ सहित आसपास के कई जनपदों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।

“हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के बाद मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।

मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य करने से व्यक्ति को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन के कष्ट दूर होते हैं। इसी मान्यता के चलते श्रद्धालुओं ने गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र और धन का दान कर पुण्य अर्जित किया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। घाट पर पुलिस बल, गोताखोरों तथा जल पुलिस की विशेष तैनाती की गई थी। प्रशासन द्वारा लगातार श्रद्धालुओं से गहरे पानी में न जाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की जाती रही। चिकित्सा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था थी।


पूरे दिन कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और पूरा क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा एवं धार्मिक उल्लास के वातावरण से सराबोर रहा।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस