बदायूँ की सड़कों से हटेगी मक्का, DM अवनीश राय सख्त: कहा अब होगी तत्काल कार्रवाई।
मुख्य मार्गों पर अनाज सुखाने से लग रहा था जाम, बढ़ रहे थे हादसे; लेखपालों की टीम करेगी निगरानी।
बदायूँ, 27 जून।
जिले की मुख्य सड़कों को जाम और हादसों से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी अवनीश राय ने आदेश जारी कर मुख्य मार्गों पर मक्का सुखाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
DM ने नगर मजिस्ट्रेट, सभी उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे लेखपालों की टीम के साथ नियमित निरीक्षण करें। आदेश में साफ कहा गया है कि यदि कहीं भी मुख्य मार्ग पर मक्का सुखाई मिली तो उसे तुरंत हटवाया जाए और संबंधित पर कार्रवाई की जाए।
पिछले कुछ समय से किसान मुख्य सड़कों पर मक्का सुखा रहे थे। इससे यातायात बुरी तरह बाधित हो रहा था और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही थी। आमजन की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने यह सख्त रुख अपनाया है।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि सड़कों का उपयोग केवल आवागमन के लिए है। यातायात को सुचारु रखना और नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। इस आदेश के बाद जिले की सड़कों पर राहत मिलने की उम्मीद है।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

