2:10 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

दातागंज – खलीलपुर मोड़ फिर बना हादसों का गवाह: बेकाबू ट्रक खाई में गिरा, चालक-परिचालक गंभीर

खलीलपुर मोड़ फिर बना हादसों का गवाह: बेकाबू ट्रक खाई में गिरा, चालक-परिचालक गंभीर, दातागंज रेफर।

बदांयू 27 जून।

देवचरा-दातागंज मार्ग पर खलीलपुर मोड़ शनिवार को फिर खून से लाल हो गया। देवचरा से दातागंज जा रहा तेज रफ्तार ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा पलटा। हादसे में ट्रक के चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। गनीमत रही कि उस वक्त मोड़ पर कोई दूसरा वाहन या राहगीर नहीं था, वरना बड़ा जान-माल का नुकसान तय था। ट्रक के परखच्चे उड़ गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक के चालक और परिचालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समरेर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, चिकित्सकों ने चोटों की गंभीरता को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज रेफर कर दिया।

हादसे के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रक हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि खलीलपुर मोड़ पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस स्थान पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड न होने से यह मोड़ ‘डेथ पॉइंट’ बनता जा रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस