2:10 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

बरेली-मथुरा हाईवे फिर हुआ खून से लाल: मक्का लदे ट्रैक्टर ने मैजिक को रौंदा, 11 लोग लहूलुहान।

बदायूं

बरेली-मथुरा हाईवे फिर हुआ खून से लाल: मक्का लदे ट्रैक्टर ने मैजिक को रौंदा, 11 लोग लहूलुहान।

उझानी-बदांयू 27 जून।

बरेली-मथुरा हाईवे पर शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे रफ्तार का कहर टूटा। छतुईया गांव के पास कासगंज की ओर से आ रहे मक्का लदे ट्रैक्टर-ट्रॉले ने कोटरा गांव लौट रही मैजिक को सामने से रौंद दिया। हादसा इतना भयानक था कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 11 लोग लहूलुहान होकर सड़क पर बिखर गए।

घायल हुए सभी लोग थाना ढोलना क्षेत्र के कोटरा गांव के रहने वाले हैं। इनमें टीकाराम पुत्र होतीलाल, मदनलाल पुत्र केदारी, यादराम पुत्र हुलासीराम, देवसिंह पुत्र गिरिराज सिंह, ताराचंद पुत्र रतन सिंह, तालेवर पुत्र गेंदा लाल, सुनील कुमार पुत्र राजवीर, धर्मेंद्र पुत्र हेमसिंह, शिवम पुत्र मनोज, विष्णु पुत्र हीरालाल और चालक राजेश शामिल हैं। सभी लोग कासगंज से बरेली घुइयां( अरबी ) बेचकर वापस गांव जा रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉला तेज रफ्तार में था और ओवरटेक के चक्कर में सीधे मैजिक से जा टकराया। टक्कर के बाद मैजिक कई पलटी खाकर सड़क किनारे जा गिरी। घायलों की चीख सुनकर राहगीर मदद को दौड़े और तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची उझानी पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी उझानी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। डाक्टर महेश प्रताप सिंह के अनुसार तीन घायलों की हालत बेहद नाजुक है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग मानी जा रही है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर जाम की स्थिति भी बनी रही।

एक साथ गांव के 11 लोगों के घायल होने की खबर से कोटरा में मातम पसर गया। परिजन बदहवास हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस