।
अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की प्रगति का लिया जायजा*
बरेली, 26 जून 2026।
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने आज मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार तथा मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ लालकुआं स्टेशन, यार्ड, रनिंग रूम एवं कोच केयर सेंटर का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रनिंग रूम के किचन, आवासीय कक्षों तथा अन्य उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने भोजन कर रहे रनिंग स्टाफ से भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव जाने। इस दौरान रनिंग रूम में संधारित अभिलेखों एवं दस्तावेजों का भी गहन परीक्षण किया गया।


इसके उपरांत महाप्रबंधक ने कोच केयर सेंटर में उपलब्ध आधुनिक तकनीकी उपकरणों एवं यंत्रों की कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों से प्राप्त की। उन्होंने संरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर बल देते हुए सभी पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्होंने रनिंग रूम तथा कोचिंग डिपो/कैरिज एंड वैगन के कर्मचारियों को 15,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की।
महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित किए जा रहे लालकुआं स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लालकुआं स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। परियोजना के अंतर्गत आधुनिक प्रतीक्षालय, मॉड्यूलर शौचालय, आकर्षक स्टेशन भवन का अग्रभाग, उच्चीकृत एवं विस्तारित प्लेटफार्म, जीआरपी पोस्ट, आरक्षण भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार, सुव्यवस्थित जल निकासी व्यवस्था, आधुनिक साइनेज, उन्नत प्रकाश व्यवस्था तथा वाहन पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
दिव्यांगजन यात्रियों की सुविधा के लिए टैक्टाइल पथ, वाटर बूथ, सुलभ टिकट काउंटर, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, रैंप, पार्किंग एवं सहायता बूथ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। साथ ही स्टेशन पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर की सुविधा भी स्वीकृत की जा चुकी है, जिससे भविष्य में यात्रियों को और अधिक आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com