बदायूं
राशन वितरण के दौरान हंगामा, आंगनबाड़ी केंद्र पर अभद्रता और अभिलेख फाड़ने के आरोप
सहसवान (बदायूं)। क्षेत्र के सादपुर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर राशन वितरण के दौरान विवाद खड़ा हो गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती ने एक महिला और उसके परिजनों पर अभद्रता करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा महत्वपूर्ण अभिलेख फाड़ने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर आरोपित पक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए राशन वितरण में अनियमितताओं की शिकायत किए जाने के बाद विवाद होने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार 23 जून को दोपहर करीब 12 बजे सादपुर गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में राशन वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान गांव निवासी शिफा पत्नी कुंवरपाल केंद्र पर पहुंची और राशन वितरण को लेकर आपत्ति जताई। आरोप है कि बातचीत के दौरान उसने आंगनबाड़ी कार्यकर्ती कांति देवी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
कांति देवी का कहना है कि अधिकारियों द्वारा समझाने के बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ। कुछ देर बाद शिफा के पति कुंवरपाल, देवर सोनू और उमेश पुत्र दरसूम भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान केंद्र पर रखे कुछ महत्वपूर्ण अभिलेख फाड़ दिए गए तथा कुछ दस्तावेज अपने साथ ले जाए गए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ती कांति देवी ने आरोप लगाया कि उन्हें और उनके बेटे को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। कांति देवी ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा फाड़े गए अभिलेख वापस दिलाने की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर शिफा के पति कुंवरपाल का कहना है कि राशन वितरण में अनियमितताओं की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई थी, जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ती नाराज हो गईं। उन्होंने अभिलेख फाड़ने के आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए दावा किया कि रजिस्टर स्वयं कार्यकर्ती द्वारा फाड़ा गया था।
फिलहाल मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों पक्षों ने अपने-अपने आरोप लगाए हैं। पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

