12:03 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

इस्लामनगर- शैक्षिक भ्रमण पर जा रही 70 बच्चों से भरी बस दलदल में फंसी, घंटों तक सड़क पर मची अफरा-तफरी

बदायूं

शैक्षिक भ्रमण पर जा रही 70 बच्चों से भरी बस दलदल में फंसी, घंटों तक सड़क पर मची अफरा-तफरी

केशव गुप्ता

इस्लामनगर, बदायूं।
क्षेत्र के मोहल्ला मोहाली में उस समय हड़कंप मच गया, जब शैक्षिक भ्रमण पर जा रहे करीब 70 छात्र-छात्राओं से भरी एक बस जलभराव और कीचड़ के कारण सड़क पर दलदल में फंस गई। बस के फंसते ही बच्चों और शिक्षकों में चिंता का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर भारी जलभराव और कीचड़ होने के कारण बस के पहिए दलदल में धंस गए। चालक ने बस निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सुरक्षा के दृष्टिगत सभी बच्चों को बस के इमरजेंसी गेट से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के चलते बच्चों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में दूसरी बस की व्यवस्था कर सभी छात्र-छात्राओं को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मोहल्ला मोहाली की जर्जर सड़क और खराब जलनिकासी व्यवस्था पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि विकास के दावों के बावजूद क्षेत्र की सड़कें बदहाल हैं, जिससे आए दिन लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत एवं जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस