जरीफनगर- बदायूं में फर्जी तरीके से चल रहा अस्पताल सील, झोलाछाप डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज
बदायूं जिले के सहसवान तहसील क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी तरीके से चल रहे एक अस्पताल को सील कर दिया है। बिना रजिस्ट्रेशन/डिग्री के मरीजों का इलाज कर रहे कथित डॉक्टर के खिलाफ थाना दहगवां में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आदेश पर 23 जून 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दहगवां के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीयूष सिंह ने थाना दहगवां में तहरीर दी। तहरीर के अनुसार, ग्राम बक्सर निवासी डॉ. उदल सिंह उर्फ बाबा जी, पुत्र बालकराम, पर आरोप है कि वह ग्राम उस्मानपुर, तहसील सहसवान में बिना किसी वैध पंजीकरण व डिग्री के अवैध रूप से चिकित्सीय कार्य कर रहा था।
इसकी शिकायत दीपक कुमार पुत्र आराम सिंह, निवासी ग्राम धौरखेड़ा, ने 11 जून 2026 को आईजीआरएस के माध्यम से की थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बदायूं के पत्र संख्या चिकि/झोलाछाप/प्राथमिकी/2026/1154 दिनांक 19.06.2026 के अनुपालन में एफआईआर दर्ज कराई गई।
शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कथित अस्पताल को सील कर दिया। आरोपी डॉ. उदल सिंह उर्फ बाबा जी के खिलाफ संबंधित धाराओं में थाना दहगवां में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से अपील है कि इलाज केवल पंजीकृत डॉक्टर से ही कराएं और किसी भी संदिग्ध क्लीनिक की सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग या पुलिस को दें।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

