9:19 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

93 क्रिटिकल कॉरिडोर पर बदायूँ पुलिस का बड़ा अभियान, दुर्घटनाएं रोकने को शुरू हुए सुधार कार्य

बदायूं

93 क्रिटिकल कॉरिडोर पर बदायूँ पुलिस का बड़ा अभियान, दुर्घटनाएं रोकने को शुरू हुए सुधार कार्य

केशव गुप्ता

बदायूँ, 23 जून। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बदायूँ पुलिस ने जनपद के 93 चिन्हित दुर्घटना संभावित (क्रिटिकल कॉरिडोर) स्थलों पर व्यापक सुधार अभियान शुरू किया है। इन सभी स्थानों का भौतिक निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराए जा रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों एवं NHAI के अभियंताओं के साथ संयुक्त निरीक्षण के दौरान बरेली–मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कछला से बरेली बॉर्डर तक स्थित संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आवागमन को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
पुलिस विभाग द्वारा PWD एवं NHAI के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर निर्माणाधीन मार्गों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, जिससे आमजन को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
निर्माण कार्य को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित फ्लाईओवर पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर आवश्यक रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है। साथ ही दुर्घटना संभावित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
बदायूँ पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि “1 मिनट की सावधानी, परिवार की जिंदगी बचा सकती है।” वाहन चालक चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर गति नियंत्रित रखें तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें।

विज्ञापन एक्सप्रेस