बदायूं
गंगा दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, कछला गंगा घाट पर डीएम-एसएसपी ने किया सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण
बदायूं। आगामी गंगा दशहरा एवं ज्येष्ठ दशमी गंगा स्नान पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मंगलवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कछला बॉर्डर और कछला गंगा घाट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, घाटों पर सुरक्षा इंतजाम, यातायात संचालन एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा स्नान पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए।
डीएम और एसएसपी ने विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाट क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन पर जोर देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, सुगम यातायात एवं बेहतर सुविधाओं के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
प्रशासन ने गंगा दशहरा स्नान पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर मोहित कुमार, उपनगर आयुक्त विनय मणि त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात सुनील अहलावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

