3:47 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी: स्टेशन रोड पर सांड का कहर, ट्रांसपोर्ट स्वामी को उठाकर पटका

उझानी: स्टेशन रोड पर सांड का कहर, ट्रांसपोर्ट स्वामी को उठाकर पटका।

पीछे से हमला कर सांड ने बंटी अदलक्खा को किया लहूलुहान, दुकानदारों ने बचाई जान।

उझानी (बदायूँ) 22 जून ।

नगर के स्टेशन रोड पर सोमवार शाम आवारा सांड ने जमकर उत्पात मचाया। सड़क से गुजर रहे ट्रांसपोर्ट स्वामी पर सांड ने पीछे से हमला कर सींगों पर उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद दुकानदारों ने किसी तरह सांड को भगाकर उनकी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी मनोज अदलक्खा उर्फ बंटी (48) सोमवार शाम करीब 6:30 बजे स्टेशन रोड से गुजर रहे थे। तभी सड़क पर घूम रहे एक आवारा सांड ने अचानक पीछे से उन पर हमला कर दिया। सांड ने बंटी को सींगों पर उठाकर सड़क पर पटक दिया। हमले में बंटी के हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।

सांड के हमले से बंटी सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। यह देख स्टेशन रोड के दुकानदार तुरंत मौके पर दौड़े। लोगों ने शोर मचाकर और डंडों से खदेड़कर बामुश्किल सांड को वहां से भगाया। इसके बाद लहूलुहान हालत में बंटी को तत्काल एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन रोड पर आवारा सांडों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। दिनभर सड़क पर झुंड के झुंड सांड घूमते रहते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। दुकानदारों और राहगीरों ने नगर पालिका से आवारा पशुओं को पकड़ने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा।

घटना के बाद व्यापार मंडल के लोगों में आक्रोश है। व्यापारियों ने कहा कि अगर जल्द आवारा पशुओं की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे। स्टेशन रोड शहर का मुख्य मार्ग है और यहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस